सफीपुर। करौंदी गांव में पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य व टेंट व्यवसायी के घर को चोरों ने निशाना बनाया। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी हुई। पीड़ित के मुताबिकए 30 हजार रुपये और तीन लाख के जेवर चोरी हुए हैं। चोरों ने सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया।
कोतवाली के करौंदी गांव निवासी पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य व टेंट व्यवसायी लल्लन का मुख्यमार्ग किनारे मकान है। इसी में वह टेंट का काम भी करते हैं। बुधवार देर रात चोर घर के बगल में खड़े पेड़ पर चढ़कर दूसरी मंजिल पर पहुंचे और जीने के पास लगे कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया। फिर छत पर लगे जाल को हटाकर नीचे पहुंचे और कमरे की अलमारी तोड़कर 30 हजार रुपये और पत्नी निर्मला के तीन लाख के जेवर पार कर दिए। गुरुवार सुबह कमरे का सामान बिखरा मिला तो घटना की जानकारी हुई। लल्लन ने बताया कि टेंट सामान खरीदने के लिए तीन लाख रुपये दूसरे कमरे की अलमारी में रखे थे वह बच गए।
कोतवाल श्यामनारायण सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की गई है। सीसीटीवी कैमरा टूटा मिला है। खुलासे का प्रयास किया जा रहा है।