कुड़वार के भड़रा गाव में हत्या की जांच करती पुलिस।
- फोटो : SULTANPUR
कुड़वार (सुल्तानपुर)। मजदूरी करने घर से निकले अनुसूचित जाति के एक युवक की हत्या कर दी गई। खेत गए ग्रामीणों को युवक का शव झाड़ियों में पड़ा मिला। पास में ही एक बेल्ट पड़ी हुई थी। अंदेशा जताया जा रहा है कि बेल्ट से गला घोंटकर युवक की हत्या की गई है। सूचना के बाद पहुंचे थानाध्यक्ष ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव कब्जे में ले लिया।
कुड़वार थाना क्षेत्र के भंडरा परसरामपुर गांव निवासी सुशील उर्फ भोंदू (20) पुत्र निरहू कोरी मजदूरी करता था। सोमवार की सुबह करीब नौ बजे सुशील घर से मजदूरी करने के लिए निकला था। दोपहर घर से करीब 200 मीटर दूर पर स्थित नाले के पास झाड़ियों में खेत गए ग्रामीणों को सुशील का शव दिखाई पड़ा। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संदीप राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को घटनास्थल के पास एक बेल्ट भी पड़ी मिली है। सुशील के गले पर काला निशाना पाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के बीच चर्चा रही कि शायद सुशील की बेल्ट से गला घोंटकर हत्या की गई है। एसओ ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा। मृतक के भाई सुनील कुमार कोरी ने थाने में भाई की मौत की सूचना दी है।
भंडरा परसरामपुर गांव निवासी सुशील का जिस स्थान पर शव मिला है, वहीं पर बेल्ट के साथ ही महिलाओं के पैर में पहने जाने वाली बिछिया भी मिली है। ऐसे में शक की सुई प्रेम प्रसंग में हत्या की ओर इशारा कर रही है। फिलहाल पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।
मृतक सुशील ने मंगलवार को मुंबई जाने के लिए ट्रेन का टिकट कराया था। ग्रामीणों ने बताया कि करीब पांच माह पूर्व सुशील के पिता निरहू कोरी की मौत हो गई थी। तीन वर्ष पूर्व उसकी मां की भी मौत हो चुकी है।