भदैंया (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र शिवगढ़ के दिलावलपुर गांव के बाहर नलकूप के पास बुधवार सुबह एक छप्पर में युवक का शव रस्सी से लटका पाया गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र शिवगढ़ के दिलावलपुर गांव निवासी मातादीन का नलकूप गांव के बाहर स्थित है। मंगलवार रात उसका बेटा विपिन कुमार (22) घर से भोजन करने के बाद नलकूप पर सोने चला गया। बुधवार सुबह जब विपिन काफी देर तक घर नहीं लौटा तो परिजन उसको बुलाने नलकूप पर पहुंचे। नलकूप के बगल स्थित छप्पर में विपिन का शव रस्सी के फंदे पर लटका मिला।
शव देखते ही परिजनों ने चीख-पुकार शुरू कर दी। शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे शिवगढ़ थाने के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार ने बताया कि घटना की पड़ताल की जा रही है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।