कूरेभार (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र से गुजरे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर जूड़ापट्टी गांव के पास शनिवार सुबह एक पिकअप की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यूपीडा कर्मियों ने घायल युवक को कूरेभार सीएचसी पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक कार लखनऊ से मऊ जा रही थी। कार को मऊ जिले के लखनसी थाना अंतर्गत इमलिया डीह निवासी निर्भय सिंह (35) चला रहा था। जूड़ापट्टी गांव के पास निर्भय कार रोककर नीचे उतरा था। लखनऊ की ओर से आ रही पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। यूपीडा टीम घायल निर्भय को कूरेभार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
अखंडनगर (सुल्तानपुर)। स्थानीय कस्बे में कबाड़ का काम करने वाला प्रेमनाथ अग्रहरि (35) निवासी भरौली शाहगंज जिला जौनपुर शुक्रवार शाम पैदल ही निकला था। कस्बे में बेलवाई-हलियापुर मार्ग पर स्थित एक स्कूल के सामने उसे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
एसयूवी की टक्कर से बाइक सवार युवक घायल
दोस्तपुर (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र के कटघरा पट्टी निवासी दिनेश निषाद शनिवार सुबह दोस्तपुर की तरफ से बाइक से अपनी भाभी को बिठाकर घर जा रहा था। मकरहां गांव के पास एसयूवी ने उसे टक्कर मार दी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर से दिनेश को जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर कर दिया गया। वहीं उसकी भाभी बाल-बाल बच गई। (संवाद)