कुड़वार (सुुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र कुड़वार के बेला पश्चिम तिराहे के पास मंगलवार देर शाम सड़क दुर्घटना में दो युवक गंंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां से एक युवक को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। रास्ते में उसकी मौत हो गई।
कुड़वार थाना क्षेत्र के पहडौली मिठनेपुर निवासी अंगद गिरि (23) व अर्जुन गिरि (27) मंगलवार दोपहर बाइक से राजापुर बाजार गए थे। वहां से देर शाम घर लोटते समय बेला पश्चिम तिराहे के पास अज्ञात वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर से दोनों गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस से दोनों को सीएचसी कुड़वार भेजा गया। वहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मेडिकल कॉलेज में अंगद गिरि की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अर्जुन का मेडिकल कॉलेज में ही इलाज चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक गौरीशंकर पाल ने बताया कि केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।