धम्मौर। सुल्तानपुर-रायबरेली हाईवे पर सोमवार सुबह हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई। धम्मौर गांव निवासी आशीष (25) सुबह करीब साढ़े छह बजे पैदल नित्यक्रिया के लिए निकले थे। उसी दौरान रायबरेली की ओर से आ रही एंबुलेंस से उन्हें टक्कर लग गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस को पकड़ लिया और उसी से घायल आशीष को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सक ने लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। आशीष अविवाहित थे। मजदूरी कर वह परिवार का भरण-पोषण करते थे। प्रभारी निरीक्षक विपेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।