भदैंया/दोस्तपुर। तेज बारिश के बीच बृहस्पतिवार दोपहर दो स्थानों पर बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से युवक व आठ वर्षीय बालक की मौत हो गई। इसके साथ ही पांच लोग झुलस गए हैं। दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के लोहरामऊ गांव निवासी राजेश्वर यादव उर्फ बंधन (25), सतेंद्र (23), किशन कुमार (12) बृहस्पतिवार को गांव के दाईतारा का तालाब के पास गए थे। तीनों पास में स्थित महुआ के पेड़ के नीचे बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी बीच बारिश शुरू हो गई। कुछ देर बाद अचानक महुआ के पेड़ पर बिजली गिर गई। राजेश्वर, सतेंद्र व किशन बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
बिजली गिरने की आवाज सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। राजेश्वर व सतेंद्र को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां राजेश्वर को मृत घोषित कर दिया गया। सतेंद्र का इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि किशन को निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। राजेश्वर के निधन से उसके परिवार में मातम का माहौल है।
अखंडनगर थाना क्षेत्र के मसुरन गांव निवासी उस्मान (8), मोहम्मद तैय्यब (17), अब्दुल सलाम (15) व रहीम (21) के साथ बृहस्पतिवार दोपहर बारिश में निकला था। वे सभी सड़क पर खड़े होकर बारिश के पानी में नहा रहे थे। उसी बीच अचानक बिजली गिर पड़ी। उसकी चपेट में आने से उस्मान की मौके पर मौत हो गई। बाकी तीनों मामूली रूप से झुलस गए।
हादसे की जानकारी होने पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायलों को उनके परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। उस्मान की मौत से घर में कोहराम मचा है। अखंडनगर थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।