गोसाईंगंज। भूत-प्रेत का डर दिखाकर एक महिला के साथ छेड़छाड़ और धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला के अनुसार उसकी तबीयत खराब चल रही थी। इलाज करवाने के बाद भी आराम नहीं मिल रहा था। आरोप है कि सैफुल्लागंज निवासी पंचम पाल, फतेहपुर संगत निवासी मुन्ना लाल निषाद और एक अज्ञात पंडित ने भूत-प्रेत का डर दिखाकर तंत्र-मंत्र के नाम पर उसके साथ छेड़छाड़ की। झाड़-फूंक के दौरान महिला से आरोपियों ने 50,000 रुपये भी ले लिए। कोई लाभ न होने पर महिला ने रुपये मांगे तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी।
महिला की तहरीर पर पुलिस ने पंचम पाल, मुन्नालाल निषाद और एक अज्ञात पंडित के खिलाफ छेड़छाड़ और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप रावत ने बताया मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।