मोतिगरपुर (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र मोतिगरपुर के लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर गोदलपुर गांव के पास शुक्रवार दोपहर सड़क पार कर रही महिला को कार ने टक्कर मार दी। पुलिस ने घायल महिला को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतिगरपुर भेजा। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस कार की तलाश में जुटी है।
मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के कैथवारा निवासी रामजी विश्वकर्मा की पत्नी उर्मिला विश्वकर्मा (42) शुक्रवार दोपहर घर से निकली थीं। गोदलपुर गांव के पास वह पैदल ही लखनऊ-बलिया हाईवे पार कर रही थीं। इसी बीच जिला मुख्यालय से कादीपुर की तरफ जा रही अज्ञात कार ने उर्मिला को टक्कर मार दी।
हादसे में उर्मिला के सिर में भी गंभीर चोंट आई है। दुर्घटना के बाद कार समेत चालक मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी मोतिगरपुर थाने की पुलिस को दी। जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ई-रिक्शा की मदद से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतिगरपुर ले गई। वहां से चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष ज्ञानचंद शुक्ल ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी की मदद से कार की तलाश में जुटी है।