धम्मौर (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र धम्मौर में सुल्तानपुर-रायबरेली राजमार्ग पर धरमैतेपुर गांव के पास बुधवार सुबह रोडवेज बस की टक्कर से बाइक पर देवर-भाभी गंभीर रूप से घायल हो गए। भाभी की मौके पर मौत हो गई जबकि घायल देवर को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अमेठी जिले के पीपरपुर थाने के महना (हारीपुर) निवासी अरविंद की पत्नी कुसुम (32) बुधवार को अपने देवर राजेंद्र (30) के साथ इलाज कराने के लिए बाइक से सुल्तानपुर की ओर जा रही थीं। बाइक राजेंद्र चला रहा था। कुसुम पीछे बैठी थीं। रास्ते में धम्मौर थाना क्षेत्र के धरमैतेपुर गांव के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने राजेंद्र की बाइक में पीछे से टक्कर मार दी।
दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। कुसुम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी होने पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना के बारे में धम्मौर थाने की पुलिस को बताया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष तरुण कुमार पटेल ने बताया कि बस पुलिस के कब्जे में है जबकि चालक फरार है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।