सुल्तानपुर में बृहस्पतिवार को छाया कोहरा।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। बर्फीली हवाओं के चलने से गलन भरी ठंड में कोई कमी नहीं आ रही है। बृहस्पतिवार को सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण लोगों को आवाजाही में खासी परेशानी उठानी पड़ी। इस बीच न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 5.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
तापमान में गिरावट आने से लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा है। ठंड से बचाव के लिए लोगों को अलाव व गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। करीब 11 बजे धूप निकलने पर ठंड से बेहाल लोगों को कुछ राहत मिली। शाम होते ही फिर ठंड बढ़ गई। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने, हवा सामान्य गति से पछुआ चलने और सुबह के समय घना कोहरा रहने का अनुमान लगाया है।
आचार्य नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम पर्यवेक्षक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 20.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.0 डिग्री सेल्सियस कम रहा। न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 5.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम में सापेक्षिक आर्द्रता (नमी) 94-58 फीसदी रही। उत्तरी-पुरवा हवा की गति 2.6 किमी/घंटे रिकॉर्ड की गई है।