सुल्तानपुर। शहर के दरियापुर मोहल्ले में पाइप फटने से सैकड़ों लीटर पेयजल बर्बाद हो रहा है। तीन दिन से पानी नाले में बहने की सूचना देने के बाद भी नगर पालिका ने उसे दुरुस्त नहीं कराया है। पाइप को ठीक करने के लिए मंगलवार को खोदाई के दौरान बिजली की लाइन पड़ने से कार्य रोक दिया गया। पाइप फटने से मोहल्ले के कुछ लोगों के सामने पेयजल की समस्या खड़ी हो गई है।
दरियापुर मोहल्ले में ओवरब्रिज के पास नगर पालिका के जलकल की ओर से डाली गई जलापूर्ति पाइप लाइन तीन दिन पहले फट गई थी। शुरुआती दौर में पाइप लाइन से धीरे-धीरे पानी निकल रहा था। सोमवार से आपूर्ति के समय बड़ी मात्रा में पानी निकलने लगा। सैकड़ों लीटर पेयजल लगातार नाले में जा रहा है। पाइप लाइन फटने की सूचना स्थानीय लोगों ने नगर पालिका व जलकल शाखा को दी लेकिन उसे दुुरुस्त नहीं कराया जा सका है। पाइप लाइन ठीक नहीं कराए जाने से मोहल्ले के कुछ लोगों के सामने पानी की समस्या पैदा हो गई है। ऊपर तल पर रहने वाले लोगों के आवास का पानी नहीं चढ़ पा रहा है।