सुल्तानपुर। भीषण गर्मी में सूखे तालाबों को भरवाने की अधिकारियों की कवायद का नतीजा सामने आया है। शारदा सहायक खंड-16 ने बिना नहर में पानी आए ही 288 तालाबों को भरवाना दर्शा दिया है। नहर विभाग से संबंधित तालाबों के नहीं भरे जाने से वन्यजीव व पशु-पक्षी पानी के लिए भटक रहे हैं।
अमर उजाला की ओर से तालाबों के सूखने से वन्यजीव बेहाल का प्रकरण उठाने के बाद सीडीओ ने नलकूप व शारदा सहायक खंड-16 से रिपोर्ट मांगी थी। बाद में तालाबों को भरवाने का निर्देश दिया था। निर्देश पर शारदा सहायक खंड-16 ने नहर में पानी आए बिना ही तालाब भरवाना दर्शाते हुए रिपोर्ट भेज दी है। 31 मई को डीपीआरओ को भेजी रिपोर्ट में नहर विभाग ने 353 तालाबों के सापेक्ष 288 तालाबों को भरवाना दिखा दिया है, जबकि तालाबों में अभी धूल उड़ रही है।
विभाग की नहर कूरेभार, दोस्तपुर, जयसिंहपुर, मोतिगरपुर, धनपतगंज, अखंडनगर, दूबेपुर, लंभुआ व भदैंया समेत हर क्षेत्र से गुजरी नहरों में पानी अभी तक नहीं आया है। इसके बावजूद नहर विभाग ने फर्जी रिपोर्ट भेजते हुए अधिकारियों की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश की है।
नलकूप से 96 तालाबों के भरने की दी रिपोर्ट
नलकूप विभाग ने राजकीय ट्यूबवेलों से भरे जाने वाले 96 तालाबों की रिपोर्ट डीपीआरओ को देते हुए कुछ गांवों में भरवाना शुरू कर दिया। विभाग ने कुछ भरे तालाबों की फोटो भी डीपीआरओ को भेजी है।
अभी नहर विभाग की नहीं आई पानी भरवाने की फोटो
डीपीआरओ अभिषेक शुक्ल ने बताया कि अभी नहर विभाग की तालाबों के भरे जाने की कोई फोटो नहीं आई है। इसकी पड़ताल कराकर स्थिति से अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। पशु-पक्षियों व वन्यजीवों के बचाव के लिए पानी भरवाने को कहा गया है।