दीपोत्सव के लिए तैयार हो रहा विजेथुआ महावीरन का मकरीकुंड सरोवर। -संवाद
सुल्तानपुर। प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर उनसे जुड़े स्थलों को सजाया-संवारा जा रहा है। कादीपुर तहसील क्षेत्र के विजेथुआ धाम को भी भव्य रूप में सजाने की तैयारी शुरू हो गई है। शनिवार को धाम परिसर को बिजली की झालरों से सजा दिया जाएगा और रविवार व सोमवार को विविध अनुष्ठान होंगे।
पावन धाम विजेथुआ में विजेथुआ महोत्सव के संरक्षक समाजसेवी विवेक तिवारी और विधायक राजेश गौतम की ओर से विविध आयोजन किए जाएंगे। शनिवार को विजेथुआ धाम व मेला परिसर को भव्य रूप में सुसज्जित किया जाएगा। रविवार को श्रीरामचरितमानस पाठ का शुभारंभ होगा।
भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा के दिन सोमवार को स्वच्छता अभियान चलाकर पूरे मंदिर परिसर को लकदक किया जाएगा। मंदिर को फूलों से सुसज्जित किया जाएगा। दोपहर बारह बजे से एलईडी लगाकर भगवान राम की प्राण-प्रतिष्ठा का दिव्य कार्यक्रम श्रद्धालुओं को दिखाया जाएगा।
दोपहर तीन बजे से भजन गायक श्रवण सुल्तानपुरी और राहुल पांडेय रमन भजन संध्या प्रस्तुत करेंगे। शाम पांच बजे मंदिर को बिजली की रोशनी से जगमग किया जाएगा और मकरीकुंड सरोवर में दीपों को प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव मनाया जाएगा। इसके बाद भंडारे का आयोजन होगा।