सुल्तानपुर। महाविद्यालयों में इस समय सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं। परीक्षा की जानकारी लेने के लिए शुक्रवार को डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय अयोध्या की कुलपति ने महाविद्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने गनपत सहाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राणा प्रताप पीजी कॉलेज और कमला नेहरू भौतिक एवं सामाजिक विज्ञान संस्थान का औचक निरीक्षण किया। सभी महाविद्यालयों की चाक-चौबंद व्यवस्था देख प्रबंध समिति की सराहना की।
गनपत सहाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्रथम पाली की सुबह सात से नौ बजे तक चलने वाली सेमेस्टर परीक्षा के दौरान डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय अयोध्या की कुलपति प्रो. प्रतिभा गोयल, कुल सचिव डॉ. अंजनी कुमार मिश्र एवं परीक्षा नियंत्रक उमानाथ औचक निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अंग्रेज सिंह राणा ने महाविद्यालय की ओर से बनाए गए आंतरिक उड़ाका दल के साथ सभी परीक्षा कक्षों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय कोई भी नकलची नहीं पकड़ा गया। साथ ही कुलपति ने टीम के साथ प्रश्नपत्र/उत्तर पुस्तिका के रखरखाव की व्यवस्था को देखा। इस मौके पर डॉ. अजय कुमार मिश्र, डॉ. संध्या श्रीवास्तव, डॉ. आशीष द्विवेदी, डॉ. कुंवर दिनकर प्रताप सिंह व अरविंद तिवारी मौजूद रहे।
इसके बाद कुलपति की टीम राणा प्रताप पीजी कॉलेज पहुंची। प्राचार्य एवं वरिष्ठ केंद्राध्यक्ष प्रो. डीके त्रिपाठी ने सभी परीक्षा कक्ष, नोडल केंद्र, परीक्षा नियंत्रण कक्ष को दिखाया। कुलपति, कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक परीक्षा की शुचितापूर्ण व्यवस्था से संतुष्ट नजर आए और विद्यार्थियों को सीट पर ही उपलब्ध कराए जा रहे शीतल जल व्यवस्था की सराहना की। इस मौके पर डॉ. अखिलेश सिंह, डॉ. विवेक सिंह, डॉ. संतोष अंश, डॉ. नीतू सिंह व रामलाल मिश्र मौजूद रहे। अंत में कुलपति कमला नेहरू भौतिक एवं सामाजिक संस्थान में निरीक्षण करने पहुंची। यहां पर परीक्षा कक्षाें में परीक्षा दे रहे छात्र-छात्राओं की व्यवस्था का जायजा लिया। संस्थान के प्राचार्य प्रो. आलोक कुमार सिंह ने कुलपति का स्वागत किया।