सुल्तानपुर गभड़िया ओवरब्रिज पर दुर्घटना के बाद जमा भीड़। -संवाद
सुल्तानपुर। रिश्तेदारी से घर लौट रहे दो बाइक सवार युवकों को रविवार शाम रोडवेज बस ने कुचल दिया। शहर के गभड़िया पुल के पास हुए हादसे में दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर जमा भीड़ को हटाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खैंचला कला निवासी संतोष शर्मा (25) अपने दोस्त कुड़वार थाना क्षेत्र के जुड़ैयापुर निवासी संदीप शर्मा (26) के साथ रविवार शाम बाइक से घर लौट रहा था। दोनों संतोष की मौसी के गांव कल्याणपुर भांई से आ रहे थे। गभड़िया पुल के पास लखनऊ की तरफ जा रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों गिर गए और बस दोनों को कुचलती हुई निकल गई। यह देखते ही वहां बड़ी संख्या में लोग जुट गए और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सीओ सिटी राघवेंद्र चतुर्वेदी और कोतवाल श्रीराम पांडेय घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने भीड़ को हटवाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने यातायात सामान्य कराया।
मां का सहारा था संदीप
कुड़वार थाना क्षेत्र के गांव जुड़ैयापुर निवासी संदीप शर्मा अविवाहित था। वह अपनी मां के साथ गांव में रहता था और उसकी देखभाल करता था। उसका बड़ा भाई दिलीप विवाहित हैं और लखनऊ में नौकरी करता है। ग्रामीणों ने बताया कि संदीप गांव में अपनी मां की देखभाल करने वाला अकेला था। इस हादसे से उसकी मां कृष्णादेवी सदमे में हैं।
बस चालक हो गया फरार
कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक श्रीराम पांडेय ने बताया कि रोडवेज बस को अमहट में छोड़कर ड्राइवर फरार हो गया है। इस मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज किया जाएगा।