भदैंया (सुल्तानपुर)। बजेठी गांव में पीएम आवास योजना में धांधली की शिकायत मिलने पर पंचायत सचिव की जांच से झल्लाए दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इसमें दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज किया है।
शिवगढ थाना क्षेत्र के बजेठी गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना में धांधली की शिकायत ग्रामीणों ने की थी। इसकी जांच करने बीते सोमवार को पंचायत सचिव शारदा द्विवेदी पहुंची थीं।
उनके साथ ही गांव के बृजेश कुमार यादव, अमरजीत, जगन्नाथ व राधेश्याम भी आवास की जांच में सहयोग करने के लिए साथ मौजूद थे। जांच व सत्यापन के बाद पंचायत सचिव घर चली गईं और बृजेश व जगन्नाथ घर पहुंचकर चाय-पानी करने लगे।
आरोप है कि शाम को इस जांच से झल्लाए गांव के मनीष गुप्ता, राकेश कुमार, मितुराम व कुलदीप साथ मिलकर बृजेश के घर पहुंच गए और मारपीट शुरू कर दी। बृजेश की तहरीर पर पुलिस ने मनीष, राकेश, मितुराम व कुलदीप के खिलाफ केस दर्ज किया था।
मंगलवार की सुबह नौ बजे मनीष गुप्ता अपनी दुकान पर बैठा था तभी विपक्षीगण बृजेश यादव समेत अन्य लोगों ने पहुंचकर उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने मनीष गुप्ता की तहरीर पर बृजेश यादव, अजय कुमार, राधेश्याम और जगन्नाथ के खिलाफ केस दर्ज किया है।