सुल्तानपुर। अवैध खनन की सूचना पर तहसीलदार सदर अभिनव सिंह ने रविवार रात महमूदपुर और गोड़वा के पास छापा मारकर दो डंपर और एक जेसीबी पकड़ी। तीनों वाहनों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। तहसीलदार ने महमूदपुर के कछार में मिट्टी खनन करते एक जेसीबी और डंपर को पकड़ा। दोनों को गोसाईगंज थाने में खड़ा कराया गया। इसके बाद गोड़वा में छापा मारकर मिट्टी लदा दूसरा डंपर पकड़ा, जिसे गोड़वा पुलिस चौकी पर खड़ा कराया गया। तहसीलदार ने बताया कि तीनों वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।