दूबेपुर (सुल्तानपुर)। जिले में दो पोर्टेबल डिजिटल एक्स-रे मशीन की सौगात मिली है। एक हसनपुर गांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दूबेपुर और दूसरी बल्दीराय सीएचसी में स्थापित की गई है। अब जांच कराने के लिए मरीजों को जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। अस्पताल में एक्स-रे मशीन को सक्रिय कर जांच सेवा शुरू कर दी गई है। हादसों में घायल होने वालों और हड्डी रोग से पीड़ित मरीजों की त्वरित जांच में सुविधा मिलेगी। उन्हें तत्काल अपेक्षित व बेहतर चिकित्सा मुहैया कराई जा सकेगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पिछले साल शासन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में डिजिटल एक्स-रे मशीन लगाने की योजना को मंजूरी दी थी। यूपी मेडिकल सप्लाई कॉर्पोरेशन ने पिछले महीने दो डिजिटल एक्स-रे मशीन स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराई थीं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओपी चौधरी ने बताया कि एक मशीन दूबेपुर सीएचसी और दूसरी बल्दीराय सीएचसी में लगा दी गई है। जिले के सभी 15 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर एक्स-रे जांच की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। एक्स-रे मशीन की उपलब्धता के अनुसार जहां अस्पतालों में यह सुविधा नहीं है, वहां पर मशीन लगाई जा रही है।
गंभीर मरीजों के पास जा सकेगी मशीन
दूबेपुर सीएचसी अधीक्षक डॉ. एपी त्रिपाठी ने बताया कि एक्स-रे मशीन उन्नत तकनीकी से लैस और पोर्टेबल है। इसमें पहिए लगे हुए हैं। लिहाजा इसे गंभीर रूप से घायल अथवा चलने-फिरने में असमर्थ मरीजों के बेड तक ले जाकर एक्स-रे किया जा सकता है। तकनीशियन हरिकेश चौहान की ड्यूटी जांच करने के लिए लगाई गई है। सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक एक्स-रे किया जाता है। आपातकालीन स्थिति में यह सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।