चांदा के टोल प्लाजा पर प्रदर्शन कर ज्ञापन देते ग्रामीण।
चांदा (सुल्तानपुर)। बैंतीकलां टोल प्लाज पर टैक्स वसूली के मामले को लेकर बुधवार को ट्रक मालिकों के साथ ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। ट्रक मालिकों का आरोप है कि अधूरी सड़क निर्माण के बिना टोल लिया जाना गलत है। सुल्तानपुर से बॉर्डर तक सर्विस रोड अधूरी है। साथ ही हनुमानगंज रेलवे ब्रिज भी निर्माणाधीन है। काफी देर तक हंगामा चलने के बाद चांदा कोतवाली के हस्तक्षेप पर मामला शांत हुआ।
लखनऊ-वाराणसी हाईवे के बैंतीकलां टोल प्लाजा पर मंगलवार को हवन-पूजन के साथ टैक्स वसूली का कार्य शुरू किया गया था। फोरलेन हाईवे पर अभी भी कई जगह सड़क का निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया है। इसके बाद भी टोल टैक्स को वसूलने का कार्य शुरू कर दिया गया। बुधवार को इसी मामले को लेकर ट्रक मालिकों और टोल मैनेजर के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
ट्रक मालिकों का आरोप है कि बिना रोड दुरुस्त किए टैक्स वसूली करना अवैध है। यदि वसूली बंद नहीं की गई तो हाईकोर्ट की शरण ली जाएगी। काफी देर तक चली नोकझोंक के बीच चांदा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। बातचीत के जरिए पुलिस ने मामले को शांत कराया। इस मौके पर लक्ष्मीनारायण तिवारी, राम अवतार यादव, पप्पू दुबे, राहुल दुबे समेत बड़ी संख्या में ट्रक मालिक मौजूद रहे।
वहीं, टोल मैनेजर प्रकाश सिंह ने कहा कि आरोप बेबुनियाद है। अधूरी सड़क का टोल नहीं लिया जा रहा है। चांदा कोतवाली निरीक्षक श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि टोल टैक्स को लेकर ट्रक मालिकों ने हंगामा काटा था। फिलहाल अभी शांति है। टोल निर्बाध रूप से चल रहा है।