भदैंया (सुल्तानपुर)। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर अभियाखुर्द गांव के पास रविवार को वाराणसी की ओर जा रहे बेकाबू ट्रक ने महिला को कुचल दिया। दुर्घटना के बाद ट्रक समेत चालक मौके से फरार हो गया। ट्रक की चपेट में आने से घायल महिला को सीएचसी भदैंया ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली देहात थाने के बेलासदा गांव निवासी राजेश्वरी (44) रविवार दोपहर अपनी पड़ोसी महिमा और विमला के साथ विश्वकर्मा मंदिर के बगल में बकरी चराने गई थीं। दिन में करीब चार बजे हाईवे की पटरी से वे तीनों पैदल ही कोतवाली देहात थाने की तरफ जा रही थीं।
तभी जिला मुख्यालय की ओर से वाराणसी की ओर जा रहे बेकाबू ट्रक ने राजेश्वरी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। थोड़ी देर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर इकट्ठा हो गई। ग्रामीणों ने हादसे की जानकारी कोतवाली देहात थाने की पुलिस को दी। घायल राजेश्वरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पिता के बाद बच्चों से छूटा मां का साथ
राजेश्वरी की दो पुत्री साधना, राधिका व एक पुत्र गौरव है। उनके पति रूपधारी की बीमारी से पहले ही मौत हो चुकी है। राजेश्वरी ही मेहनत-मजदूरी कर तीनों बच्चों को पालती थीं। पिता की मौत के बाद तीनों बच्चों के सिर से ममता का आंचल भी छिन गया। इस हादसे से सभी बच्चे सदमे में हैं।