सुल्तानपुर। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शुक्रवार से 5196 पीठासीन अधिकारी व मतदान कार्मिक प्रथम को प्रशिक्षण दिया जाएगा। केंद्रीय विद्यालय के 25 कक्षों में ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रशिक्षण की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिले में छठवें चरण में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। चुनाव में लगाए जाने वाले 2598 पीठासीन अधिकारियों व 2598 मतदान अधिकारी प्रथम का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुक्रवार से शुरू हो रहा है। 21 अप्रैल तक मतदान कार्मिकों को दो पालियों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण को देखते हुए सभी कक्षों में पीपीटी लगाई गई है। इसके साथ ही मास्टर ट्रेनर मौखिक प्रशिक्षण भी देंगे। कार्मिकों के लिए पेयजल समेत अन्य इंतजाम किए गए हैं। बृहस्पतिवार को डीडीओ अजय कुमार पांडेय समेत अन्य अधिकारियों ने प्रशिक्षण स्थल का जायजा लिया।
डीडीओ ने बताया कि प्रशिक्षण में पहुंचने वाले कार्मिकों की हाजिरी ली जाएगी। हाजिरी के लिए अलग कर्मचारियों को लगाया गया है। अनुपस्थित कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी मतदान कार्मिकों को समय से पहुंचने का निर्देश दिया है।