सुल्तानपुर। ठंड में प्रमुख ट्रेनों की लेटलतीफी ने यात्रियों की दुश्वारियों को बढ़ा दिया है। शुक्रवार को फरक्का अप एक्सप्रेस का संचालन छह व हिमगिरि डाउन एक्सप्रेस का संचालन करीब साढ़े सात घंटे की देरी से किया गया। छह अन्य ट्रेनें भी घंटों लेट पहुंचीं।
गाजीपुर से कटड़ा तक जाने वाली श्रीमाता वैष्णो देवी वीकली अप एक्सप्रेस शुक्रवार को करीब चार घंटे की देरी से रवाना हुई। आनंद विहार से रक्सौल जाने वाली सद्भावना डाउन एक्सप्रेस करीब दो घंटे, आनंद विहार-गाजीपुर सुहेलदेव डाउन एक्सप्रेस करीब तीन घंटे, इंदौर-कामाख्या डाउन एक घंटे, बेगमपुरा डाउन एक्सप्रेस एक घंटे और चंडीगढ़-पाटलिपुत्र डाउन एक्सप्रेस का संचालन करीब चार घंटे की देरी से किया गया। स्टेशन अधीक्षक बीएस मीना ने ट्रेनों के संचालन में विलंब की पुष्टि की है।