सुल्तानपुर। दीपावली पर प्रमुख ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे 17 अक्तूबर से 29 नवंबर के बीच फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाएगा। यह ट्रेन पटना से अहमदाबाद के बीच चलेगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन का स्टॉपेज सुल्तानपुर स्टेशन पर होने से जिला वासियों को सफर करने की सुविधा मिलेगी।
अहमदाबाद-पटना डाउन स्पेशल का संचालन 17 अक्तूबर से 28 नवंबर के बीच हर सोमवार को आरंभिक स्टेशन अहमदाबाद से किया जाएगा। रेलवे की ओर से तय की गई अवधि में यह ट्रेन सात फेरे लगाएगी। अहमदाबाद से यह ट्रेन सोमवार को सुबह 09:10 बजे रवाना होगी। मंगलवार को दिन में 12:15 बजे यह ट्रेन सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। उसी दिन रात नौ बजे यह ट्रेन पटना स्टेशन पर पहुंचेगी। वापसी में पटना स्टेशन से यह ट्रेन 18 अक्तूबर से 29 नवंबर के बीच सप्ताह में मंगलवार को संचालित की जाएगी।
यह ट्रेन तय अवधि में सात फेेरे लगाएगी। मंगलवार को यह ट्रेन पटना स्टेशन से रात 11:45 बजे प्रस्थान करेगी। बुधवार को सुबह 08:15 बजे यह ट्रेन सुल्तानपुर स्टेशन पर पहुंचेगी। तीसरे दिन बृहस्पतिवार को सुबह 11:20 बजे ट्रेन का स्टॉपेज अहमदाबाद स्टेशन पर होगा। दोनों दिशाओं में ट्रेन का स्टॉपेज सुल्तानपुर स्टेशन पर होने से जिले के लोगों को भी सफर करने की सुविधा मिलेगी। स्टेशन अधीक्षक बीएस मीना ने फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन का शेड्यूल जारी करने की पुष्टि की है।
यूटीएस एप से भी मिलेंगे प्रमुख ट्रेनों के सामान्य टिकट
यूटीएस (अनरिजर्व्ड टिकट सिस्टम) मोबाइल एप से कैशलेस टिकट सुविधा के लिए रेलवे विशेष अभियान चला रहा है। इस एप के माध्यम से जरनल टिकट बुक करने के बाद यात्री टिकट की हार्डकॉपी के बिना यात्रा कर सकता है। जब भी जांच कर्मचारी टिकट मांगता है, तो यात्री को अपने मोबाइल के एप में ‘टिकट दिखाएं’ विकल्प का उपयोग करना होगा। पेपरलेस टिकट बुक करने के लिए स्मार्टफोन जीपीएस सक्षम होना चाहिए। रेलवे की वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा ने बताया कि रेलवे अभियान संचालित करके यात्रियों को एप के प्रति जागरूक कर रहा है। इस एप से यात्री स्टेशन परिसर से 20 मीटर दूर से भी टिकट बुक कर सकते हैं। इसे बुक करने की जानकारी यात्री स्टेशनों पर संबंधित कर्मचारियों से ले सकते हैं।