सुल्तानपुर। इंदौर-कामाख्या डाउन एक्सप्रेस का संचालन निरस्त कर दिया गया। इसके साथ ही छह ट्रेनें घंटों लेट होने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई।
इंदौर के डॉ. आंबेडकरनगर जंक्शन से बृहस्पतिवार को चलने वाली इंदौर-कामाख्या डाउन एक्सप्रेस का संचालन आरंभिक स्टेशन से निरस्त कर दिया गया। इस वजह से शुक्रवार को ट्रेन पकड़ने सुल्तानपुर स्टेशन पर पहुंचे यात्रियों को परेशानी हुई। स्टेशन अधीक्षक बीएस मीना ने बताया कि परिचालन संबंधी वजह से इंदौर-कामाख्या एक्सप्रेस आरंभिक स्टेशन से निरस्त की गई है। दूसरी तरफ ट्रेनों की लेटलतीफी का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। गाजीपुर से कटड़ा तक जाने वाली श्रीमाता वैष्णो देवी अप एक्सप्रेस, श्रमजीवी अप एक्सप्रेस, सद्भावना डाउन एक्सप्रेस और सुहेलदेव डाउन एक्सप्रेस का संचालन एक-एक घंटे की देरी से किया गया। चंडीगढ़-पाटलिपुत्र व हिमगिरि एक्सप्रेस भी तय समय से करीब एक-एक घंटे की देरी से रवाना की गई।