फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुल्तानपुर: 31 घंटे बाद बहाल हुआ ट्रेनों का आवागमन

Sat, 18 Feb 2023 06:25 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
31 घंटे बाद बहाल हुआ ट्रेनों का आवागमन
विज्ञापन
सुल्तानपुर। स्थानीय स्टेशन यार्ड के दक्षिणी केबिन पर बृहस्पतिवार सुबह हुई दो मालगाड़ियों में भिड़ंत के 31 घंटे बाद अप व डाउन ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया। शुक्रवार शाम तक ट्रेनें काशन पर गुजारी गईं। डाउन ट्रैक को बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े आठ बजे क्लीयर कर दिया गया था। अप ट्रैक पर शुक्रवार दोपहर 12:50 बजे से ट्रेनें गुजारी जाने लगीं। इस दौरान रेल अधिकारी मुस्तैद रहे। ट्रेनों का संचालन शुरू होने से यात्रियों की परेशानी दूर हो गई।
विज्ञापन

दो मालगाड़ियों में बृहस्पतिवार सुबह करीब 05:45 बजे आमने-सामने टक्कर हो गई थी। दुर्घटना में दोनों गाड़ियों के इंजन समेत 10 डिब्बे पटरी से उतरने के साथ क्षतिग्रस्त हो गए थे। इसके बाद अयोध्या-प्रयागराज व लखनऊ-वाराणसी रेल मार्ग पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया था। दक्षिणी केबिन से चार रेल ट्रैक गुजरे हैं।
एक ट्रैक वाशिंग लाइन को जाता है। दूसरा ट्रैक प्रतापगढ़, तीसरा वाराणसी अप व चौथा वाराणसी डाउन ट्रैक है। दुर्घटना के दौरान चारों ट्रैक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए थे। लखनऊ से मंगाई गई एआरटी व क्रेन की मदद से बृहस्पतिवार रात करीब 08:35 बजे वाराणसी डाउन ट्रैक को क्लीयर किया जा सका था। ट्रैक की मरम्मत के बाद इससे पहली मालगाड़ी रात 08:36 बजे काशन पर पांच किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से वाराणसी के लिए रवाना की गई।
विज्ञापन

इसके बाद महाकाल अप व साकेत डाउन एक्सप्रेस को काशन पर रवाना किया गया। देर रात पहुंचे रेलवे के जीएम आशुतोष गंगल ने मौके का निरीक्षण किया। डीआरएम से घटनाक्रम के बारे में जानकारी भी ली। बृहस्पतिवार रात मालगाड़ी के बचे हुए क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने के साथ ही ट्रैक को दुरुस्त करने का काम जारी रहा।
इसके साथ में ओएचई लाइन की मरम्मत कराई गई। शुक्रवार सुबह क्रेन व एआरटी की मदद से दोनों मालगाड़ियों के इंजन को हटवाया गया। डिब्बे व इंजन हटने के बाद शेष तीन ट्रैक को नए सिरे से बिछाकर परीक्षण किया गया। इसके बाद शुक्रवार सुबह हमसफर अप, सद्भावना डाउन, कामाख्या-इंदौर डाउन, सुहेलदेव डाउन एक्सप्रेस समेत अन्य कई ट्रेनों को काशन पर डाउन लाइन ट्रैक से गुजारा गया।
जीएम आशुतोष गंगल व डीआरएम एसके सप्रा शुक्रवार सुबह भी स्टेेशन यार्ड पर ही मौजूद रहे। दुर्घटना के करीब 31 घंटे बाद शुक्रवार दोपहर 12:50 बजे शेष तीनों ट्रैक को क्लीयर कर दिया गया। डीआरएम एसके सप्रा ने बताया कि दुर्घटना के बाद रेल ट्रैक को दुरुस्त करने का काम पूरा कर लिया गया है। घटना की जांच जारी है।
दुर्घटना स्थल पर अभी कई सेक्शन के कार्य चल रहे हैं। लखनऊ-वाराणसी व अयोध्या-प्रयागराज ट्रैक पर यातायात बहाल होने के बाद जीएम व डीआरएम स्पेशल ट्रेन से लखनऊ के लिए रवाना हो गए।


जीएम ने कई अधिकारियों व कर्मचारियों से की पूछताछ
सुल्तानपुर। दुर्घटना की सूचना पर बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे मौके पर पहुंचे रेलवे के जीएम आशुतोष गंगल शुक्रवार दोपहर तक डटे रहे। उन्होंने दुर्घटनास्थल का जायजा लेने के साथ परिचालन संबंधी रिकॉर्ड देखे। संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की। दुर्घटना में स्पैड (सिग्नल पास्ट एट डेंजर), सिग्नल सेक्शन, पॉवर केबिन व स्टेशन परिचालन की व्यवस्थाओं के बारे में पड़ताल की। उन्होंने कई अधिकारियों व कर्मचारियों से अलग-अलग पूछताछ की। पूछताछ में अधिकारी व कर्मचारी अपने बचाव में घटना को लेकर अलग-अलग बातें कहीं। लापरवाही को लेकर स्टेशन अधीक्षक, स्टेशन मास्टर व अन्य कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई। शुक्रवार को अप व डाउन ट्रैक सही होने व ट्रेनों का संचालन शुरू कराए जाने के बाद जीएम स्पेशल ट्रेन से वापस चले गए।
पहली नजर में होम सिग्नल में लग रही खामी : जीएम
स्टेशन पर पत्रकारों के सवाल पर जीएम ने बताया कि प्रथम दृष्टया खामीं होम सिग्नल को लेकर सामने आ रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच चीफ सेफ्टी ऑफिसर की देखरेख में गठित टीम की गई है। जांच में सभी बिंदुओं को शामिल किया जाएगा। जांच के बाद ही सही वजहों का पता चल सकेगा। जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें