कूरेभार (सुल्तानपुर)। लखनऊ-गाजीपुर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी पर तीन दिन बाद ही आवागमन बहाल हो सकेगा। वायुसेना के अभ्यास के बाद यूपीडा ने हवाई पट्टी पर साफ-सफाई का काम शुरू करा दिया है। अभी डिवाइडर का निर्माण भी कराया जाना है।
वायुसेना के अभ्यास के बाद रविवार से यूपीडा ने हवाई पट्टी की साफ-सफाई का काम शुरू करा दिया है। अभ्यास के दौरान हुई गंदगी को मजदूर लगाकर साफ कराया गया। सफाई के बाद एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर बनवाया जाना है। यूपीडा के अधिकारियों ने एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी पर रूट डायवर्जन अभी बरकरार रखा है।
हालांकि एक्सप्रेसवे के अन्य 10 किमी हिस्से का रूट डायवर्जन समाप्त कर दिया गया है। इस वजह से वाहन सिर्फ हवाई पट्टी के चार किमी दायरे में ही नहीं आ-जा सकेंगे। इसके लिए सर्विस रोड से वाहनों को गुजरना होगा। बाकी अन्य 10 किमी हिस्से पर आवागमन बहाल कर दिया गया है।
यूपीडा के मुख्य अभियंता सलिल कुमार यादव ने बताया कि अभ्यास के दौरान हवाई पट्टी पर कुछ गंदगी आ गई है। बैरियर निर्माण का कार्य भी कराया जाना है। इसे देखते हुए हवाई पट्टी पर आवागमन अभी बंद रहेगा। काम पूरा होने के बाद आवागमन बहाल किया जाएगा।