सुल्तानपुर। कादीपुर के मुड़िलाडीह बाजार में बृहस्पतिवार को हुई घटना को लेकर शुक्रवार को भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। ज्ञापन सौंपकर अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री रवींद्र त्रिपाठी की अगुवाई में पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के जरिए कहा गया कि बृहस्पतिवार को मुड़िलाडीह बाजार में व्यापारी की दुकान पर अराजक तत्वों ने लूटपाट कर उसको घायल कर दिया था।
पीड़ित व्यापारी बिंदुलाल के भाई काशीनाथ सोनी की तहरीर पर काफी दबाव के बाद मुकदमा दर्ज किया गया। व्यापारी नेता ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि चौकी इंचार्ज कृष्ण प्रसाद वर्मा तथा सिपाही सुशील कुमार मौर्य व्यापारियों से दुर्व्यवहार करते हैं। पूरी बात सुनने के बाद एसपी ने कहा कि कुछ अपराधी पकड़े गए हैं। बाकी अराजक तत्वों की धरपकड़ की जा रही है।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश संगठन मंत्री अनूप श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष राजू अग्रवाल, सर्वेश सिंह, तहसील अध्यक्ष राजेंद्र कसौधन, नगर प्रभारी समीर मयंक, नगर मंत्री मंदीप बरनवाल, विजय गिरि, घनश्याम जायसवाल, अशोक अग्रहरि व गोपाल सोनी आदि शामिल रहे।