कादीपुर (सुल्तानपुर)। लखनऊ-बलिया हाईवे पर पदारथपुर गांव के पास सोमवार देर रात ट्रैक्टर और पिकअप के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। दुर्घटना में दोनों वाहनों के परखचे उड़ गए।
हादसे में ट्रैक्टर के चालक दिनेश कुमार (28) निवासी ग्राम सुरजनपुर जिला आजमगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर पर सवार मजदूर मनोज कुमार (32) निवासी आजमगढ़ को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर चिकित्सक ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। मनोज के साथी उसे ट्रॉमा सेंटर लेकर जा रहे थे कि रास्ते में उसकी भी मौत हो गई।
बाइक की टक्कर से पांचवीं का छात्र घायल
कूरेभार (सुल्तानपुर)। स्थानीय थाने से चंद कदम की दूर स्थित मॉर्डन विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र करन (10) पुत्र सभाजीत मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पार कर रहा था। उसे तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में करन गंभीर रूप से घायल हो गया। स्कूल के शिक्षकों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। दुर्घटना में बाइक सवार विकास को भी चोटें आई हैं। (संवाद)