वलीपुर (सुल्तानपुर)। बल्दीराय थाना क्षेत्र के बघौना स्थित शारदा सहायक नहर में ट्रैक्टर पलट जाने से चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया है। दो लोगों की मौत होने से परिजनों में चीख पुकार मच गई।
बिगहुली गांव निवासी देवेंद्र यादव (40) अपने काम के लिए बीते दिनों किसी दूसरे से ट्राॅली मांगकर लाए थे। बृहस्पतिवार को वे ट्राॅली लौटाने गए तो उनके साथ गांव के काशीनाथ का बेटा वंस यादव (15) और देवेंद्र के घर पर काम करने वाला अमेठी के मुसाफिरखाना क्षेत्र के पिंडारा निवासी अजय (14) पुत्र कृष्ण प्रसाद भी उनके साथ हो लिया। इसी दौरान ट्राॅली लौटाकर लौटते समय शारदा सहायक नहर में अचानक बेकाबू होकर ट्रैक्टर पलट गया।
हालांकि नहर में पानी नहीं था, फिर भी गहरी चोट लगने से देवेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर हालत में वंस को तत्काल पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी भिजवाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जबकि अजय का अभी इलाज चल रहा है। मृत किसान देवेंद्र के परिवार में उसकी पत्नी सुनीता के अलावा दो बेटियां और एक बेटा है। हादसे के बाद दोनों परिवारों ही नहीं, पूरे गांव में मातम पसर गया है। एसओ आरबी सुमन ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दो लोगों की मौत होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।