सेमरीबाजार (सुल्तानपुर)। कोतवाली क्षेत्र जयसिंहपुर के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 144.5 किमी पर शुक्रवार तड़के टमाटर लदी पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। इससे पिकअप के परखचे उड़ गए और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे निकालकर अस्पताल भेजवाया। मौके पर पहुंचे यूपीडा कर्मियों ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया।
बलिया जिले के नरही थाना क्षेत्र के उजियार भरौली गांव निवासी शशि प्रकाश (45) पिकअप में टमाटर लादकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते बाराबंकी जा रहा था। शुक्रवार तड़के तीन बजे जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दरपीपुर गांव के पास चालक को झपकी आने से पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। इससे वाहन के परखचे उड़ गए और पिकअप चालक घायल होकर वाहन के अंदर फंस गया।
दुर्घटना की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और यूपीडा को हादसे की सूचना दी। यूपीडा कर्मियों ने घायल चालक को एंबुलेंस से सीएचसी दोस्तपुर भेजवाया। सहायक सुरक्षा अधिकारी त्रिलोकीनाथ पांडेय ने पिकअप को रिकवरी वैन की मदद से सेमरी टोल प्लाजा भिजवाकर आवागमन बहाल कराया।