सुल्तानपुर। कोचिंग से लौट रही छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने के मामले में बुधवार को पॉक्सो एक्ट की विशेष अदालत के न्यायाधीश पवन कुमार शर्मा ने दो आरोपियों को दोषी मानते हुए तीन वर्ष की सजा सुनाई है। कोर्ट ने दोषियों पर 14 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
विशेष लोक अभियोजक रमेशचंद्र सिंह के मुताबिक कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की छात्रा 22 दिसंबर 2018 की शाम कोचिंग से घर लौट रही थी। रास्ते में गांव के ही आरोपी शिवम सिंह उर्फ गोलू व इसी कोतवाली क्षेत्र के राईबीगो तुरकाही गांव निवासी विपिन उर्फ ऋषि सिंह ने उसके साथ छेड़छाड़ की थी।
आरोपियों ने छात्रा को गाली देते हुए तेजाब फेंककर जान से मारने की धमकी दी थी और पीड़िता को अपना मोबाइल नंबर लिखकर दे दिया था। पुलिस ने छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था। बुधवार को कोर्ट ने आरोपियों शिवम सिंह उर्फ गोलू व विपिन उर्फ ऋषि सिंह को दोषी मानते हुए सजा सुनाई है।