सुल्तानपुर। भीषण गर्मी ने लोगों की हालत खराब कर दी है। इसकी वजह से उल्टी-दस्त और डायरिया के रोगी तेजी से बढ़े हैं। इसके अलावा हीट स्ट्रोक से पीड़ित लोग भी लगातार मेडिकल कॉलेज पहुंच रहे हैं। सोमवार को भी ऐसे तीन मरीज अस्पताल आए। किंतु स्वास्थ्य विभाग अभी तक ऐसे आंकड़ों से इन्कार साफ इन्कार कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि हीट स्ट्रोक और संचारी रोग के केस अभी नहीं आ रहे हैं।
शहर के बढ़ैयावीर की रेनू गुप्ता, कूरेभार के जज्जौर की आस्था व मोतिगरपुर के देवीप्रसाद को हीट स्ट्रोक के कारण सोमवार को उल्टी-दस्त व डिहाइड्रेशन हो गया। उन्हें गंभीर हालत में परिजन मेडिकल कॉलेज लाए, जहां इमरजेंसी वार्ड में इन मरीजों का इलाज चल रहा है। सोमवार को ओपीडी में आए कुल 1045 मरीजों में भी 135 मरीज डायरिया के पाए गए। फिजीशियन डॉ़ पवन ने बताया कि ओपीडी में पहुंचें मरीजों में डायरिया के हल्के लक्षण थे।
इसी तरह मेडिकल कॉलेज के महिला अस्पताल की एमसीएच विंग स्थित ओपीडी में 205 बच्चों का पंजीयन हुआ। इसमें से 95 बच्चे उल्टी-दस्त से संक्रमित थे। बाल रोग चिकित्सक डॉ़ पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि गर्मी में कारण सबसे अधिक बच्चे ही बीमार हो रहे हैं। वहीं, डिप्टी सीएमओ डॉ. लालजी कहते हैं कि अभी हीट स्ट्रोक का एक भी केस नहीं मिला है। भदैया में तीन डायरिया के केस पास गए थे। इसके अलावा और केस नहीं आए हैं।