मोतिगरपुर/सुल्तानपुर। सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के टोलवा गांव निवासी आनंद (45) शुक्रवार की शाम पत्नी सुमन (43) को लेकर बाइक से गोसाईंगंज बाजार के लिए निकले थे। रास्ते में लखनऊ-बलिया राजमार्ग स्थित बीड़ी राजापुर चौराहे के पास दूध के टैंकर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में आनंद और सुमन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सक ने सुमन को मृत घोषित कर दिया। आनंद के घर में कोहराम मचा हुआ है।
दूसरी घटना अमेठी जिले के बढ़ीपुर मोड़ के पास हुई। बाइक सवार हरिकेश कुमार (24) और सीकू (18) निवासी सहरी जिला अमेठी शुक्रवार दोपहर बाइक से बाजार जाने के लिए निकले थे। दोनों बढ़ीपुर मोड़ पर पहुंचे थे कि सामने से आ रही पिकअप से बचने के प्रयास में सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकरा गए। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को ग्राम प्रधान धीरेंद्र प्रताप ने जिला अस्पताल सुल्तानपुर पहुंचाया जहां चिकित्सक ने हरिकेश को मृत घोषित कर दिया।
उधर, थाना क्षेत्र कुड़वार के खरोहवा खादर बसंतपुर निवासी 75 वर्षीय अवधनारायण उपाध्याय साइकिल से घर जा रहे थे। बहुबरा माधवपुर आचार्य चौराहे के पास डंपर की चपेट में आने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है।