सुल्तानपुर। जिले की तहसीलों में अधिकारी मनमाने ढंग से काम कर रहे हैं। एक महिला का पांच महीने में तीन बार आय प्रमाणपत्र बनाया गया और हर बार अलग-अलग आय दर्शाई गई। अब सवाल यह है कि यह गलत काम आखिर अफसरों और कर्मचारियों ने किस लालचवश किया है। उधर, जिले के अफसर अभी ऐसी जानकारी से ही इन्कार कर रहे हैं।
जयसिंहपुर के अन्नपूर्णानगर गांव निवासी रुद्रवती ने आय प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया था। उन्होंने पहला आवेदन अप्रैल, दूसरा मई व तीसरा आवेदन अगस्त 2023 को किया था। हल्का लेखपाल ने पहले आवेदन पर 46,200 रुपये, दूसरे आवेदन पर 72,000 रुपये व तीसरे आवेदन पर 46,000 रुपये प्रतिवर्ष आय की रिपोर्ट लगा दी।
लेखपाल की रिपोर्ट पर तहसीलदार जयसिंहपुर ने भी आंख मूंदकर भरोसा किया। पहला आय प्रमाणपत्र 28 अप्रैल, दूसरा 31 मई व तीसरा 24 अगस्त 2023 को जारी कर दिया। महिला के ही गांव के सुरेश कुमार, केदारनाथ समेत अन्य ग्रामीणों ने तहसीलदार से शिकायत करते हुए लेखपाल पर बिना जांच के ही रिपोर्ट लगाने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ताओं ने लेखपाल पर कार्रवाई की मांग की है।
बेखबर हैं अफसर
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व मनोज कुमार पांडेय कहते हैं कि इस तरह का कोई मामला अभी उनकी जानकारी में नहीं आया है। जानकारी मिलने पर तहसीलदार से जवाब-तलब किया जाएगा।