प्राथमिक विद्यालय पूरे रामदयाल में सोमवार को अचेत पड़ी मीनाक्षी। -संवाद
सुल्तानपुर। भीषण गर्मी और उमस से परिषदीय विद्यालयों के बच्चे बेहाल हो रहे हैं। सोमवार को अलग-अलग विद्यालयों में तीन बच्चे गर्मी से अचेत हो गए। शिक्षकों ने प्राथमिक उपचार करवाकर बच्चों को उनके घर भेजा।
परिषदीय विद्यालयों में भौतिक संसाधनों की कमी है। ज्यादातर शिक्षण कक्षों में पंखे नहीं लगे हैं। जहां लगे भी हैं, वहां बिजली कटौती की वजह से विद्यार्थियों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। सोमवार को गर्मी की वजह से तीन विद्यार्थी अचेत हो गए।
भदैंया के उच्च प्राथमिक विद्यालय अभियाकला में कक्षा सात की रिंकी यादव, उच्च प्राथमिक विद्यालय नरायनपुर में कक्षा आठ की नेहा यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई। शिक्षकों ने रिंकी को सीएचसी भदैंया में भर्ती कराया। वहीं नेहा को स्थानीय डाॅक्टर के यहां उपचार कराकर घर पहुंचाया गया।
कुड़वार विकास क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पूरे रामदयाल में कक्षा तीन की छात्रा मीनाक्षी भी गर्मी की वजह से अचेत हो गई। शिक्षक संगठनों ने जिलाधिकारी एवं बीएसए को पत्र भेजकर विद्यालय खुलने और बंद होने के समय में परिवर्तन की मांग की है।
प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विद्यार्थी छोटे हैं लेकिन उनकी कक्षाएं भीषण गर्मी में सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक चल रही हैं। वहीं माध्यमिक विद्यालयों की कक्षाएं सुबह साढ़े सात बजे से दोपहर साढ़े बारह बजे तक संचालित हो रही हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक रविशंकर ने विद्यालयों के संचालन अवधि का पत्र जारी किया है।
समय परिवर्तन पर करेंगे विचार
गर्मी की वजह से विद्यार्थियों को दिक्कतें हो रहीं हैं, ऐसा संज्ञान में आया है। उच्चाधिकारियों से वार्ता कर समय परिवर्तन पर विचार किया जाएगा।
-दीपिका चतुर्वेदी, बीएसए