फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: निगम अध्यक्ष के आदेश के बाद भी बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं

Thu, 01 Aug 2024 03:23 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सुल्तानपुर। शासन के आदेश के हिसाब से ग्रामीण, तहसील व शहरी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति करने का पावर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गोयल की ओर से दिया गया आदेश उसी दिन धराशायी हो गया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पावर कॉर्पाेरेशन के अध्यक्ष ने मंगलवार को ही पूरी आपूर्ति देने का आदेश जारी किया था लेकिन मंगलवार को ही डाकखाना उपकेंद्र की हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से करीब डेढ़ घंटे तक रात में बिजली आपूर्ति बंद रही।
विज्ञापन


गनपत सहायक डिग्री कॉलेज के पास टूटे हाईटेंशन लाइन के तार को दुरुस्त करने के बाद उपकेंद्र से आपूर्ति शुरू की गई तो ओवरलोडिंग से फीडर ट्रिप करने लगे। इस वजह से पुलिस लाइन फीडर करीब एक घंटे, राजकीय फीडर करीब आधे घंटे बंद रहा।

शाहगंज समेत अन्य फीडर भी ट्रिप करते रहे। रात को केएनआई के देहात फीडर की एचटी लाइन का तार टूटने से करीब डेढ़ घंटे आपूर्ति बंद रही। बुधवार सुबह फिर केएनआई उपकेंद्र के 33 हजार वोल्ट का तार टूट गया। इस वजह से पूरा उपकेंद्र करीब डेढ़ घंटे बंद रहा।
विज्ञापन


दोपहर में पारेषण उपकेंद्र के तार में खराबी आने से टीपीनगर व डाकखाना उपकेंद्र की आपूर्ति करीब सवा घंटे बंद रही। इसके बाद कूरेभार, असरोगा व रामगंज उपकेंद्र एक घंटे बंद रहा। पारेषण के एक्सईएन रविकुमार यादव ने बताया कि खराबी की वजह से दोपहर को शटडाउन लिया गया था। इन उपकेंद्रों की लाइनों में खराबी से हजारों की आबादी उमस में बेहाल रही।

इस बीच जिले की खराब बिजली आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी मिलने पर शिक्षक एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह आगे आए हैं। उन्होंने प्रदेश के ऊर्जा मंत्री को पत्र लिखकर जिले की बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार करने की अपेक्षा की है।

अभी तक भाजपा विधायक विनोद सिंह, सपा सांसद राम भुआल निषाद, शिक्षक एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ऊर्जा मंत्री को पत्र लिख चुके हैं। डीएम बैठक करके विद्युत निगम के अधिकारियों को निर्देश दे चुकी हैं। इसके बाद भी जिले समेत शहर की बिजली आपूर्ति व्यवस्था पटरी पर नहीं आ सकी है।

पंचायत सचिवों से गांवों की ली जा रही बिजली आपूर्ति की रिपोर्ट
ग्रामीण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की हकीकत की जानकारी लेने के लिए डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना ने पंचायत सचिवों से रिपोर्ट लेनी शुरू कर दी है। रिपोर्ट लेने के लिए डीडीओ को जिम्मेदारी दी गई है। डीएम के निर्देश पर जिला विकास अधिकारी की ओर से रोज ग्रामीण क्षेत्र के 979 गांव की आपूर्ति की रिपोर्ट ली जा रही है। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है लेकिन रिपोर्ट में उसे दुरुस्त दिखाया जा रहा है। जिला विकास अधिकारी अजय कुमार पांडेय ने बताया कि सचिवों से मिल रही रिपोर्ट के मुताबिक ग्रामीण क्षेत्र की आपूर्ति सही चल रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें