लंभुआ (सुल्तानपुर)। कोतवाली क्षेत्र में रोज चोरी की वारदातें हो रही हैं। जैतपुर भिटार गांव में शनिवार रात चोरों ने ट्रक चालक के घर को निशाना बनाया। घर के बाहर सो रहे मां-बेटे को सुबह चोरी की भनक लगी। पीड़ितों का दावा है कि चोरों ने करीब तीन लाख की नकदी समेत जेवरात व अन्य सामान पार कर दिया। वहीं लंभुआ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अखंडदेव मिश्र ने घटना की जानकारी होने से ही इंकार कर दिया है। जबकि ग्रामीणों के मुताबिक मौके पर कोतवाली के दो आरक्षी पहुंचे थे।
लंभुआ कोतवाली के जैतपुर भिटार गांव निवासी राजनाथ यादव का घर तालाब के किनारे है। वह ट्रक चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घर पर उनकी पत्नी व बेटा संजीव कुमार यादव रहते हैं। संजीव के मुताबिक शनिवार रात करीब 11 बजे तक वे लोग जाग रहे थे। रविवार सुबह जब उनकी मां की आंख खुली तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा था।
भीतर कमरे में घुसे चोरों ने तीन छोटे-बड़े बक्से से कीमती जेवरात, कपड़े व नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। दो दिन पहले घर में रखी गई 50 हजार रुपये नकदी को भी चोर उड़ा ले गए। संजीव ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर चोरी का खुलासा करने की मांग की है।
खेतों से चोरी हो गए तीन किसानों के इंजन
मोतिगरपुर थाने के विभारपुर गांव की घटना
मोतिगरपुर(सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र के विभारपुर गांंव निवासी रामफल और राजकुमार का खेत सड़क के किनारे है। उनके खेत के बगल ही बसंतपुर गांव के किसान रामसेवक का खेत है। तीनों किसानों ने अपने-अपने खेतों की सिंचाई के लिए बोरिंंग करा रखी है। इन किसानों ने बोरिंग में 10 हाॅर्स पावर का इंजन लगा रखा था। शनिवार रात अज्ञात चोरों ने तीनों किसानों के खेतों में लगे इंजन को गायब कर दिया। रविवार सुबह जब ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली तो बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ खेतों के आसपास जमा हो गई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी मोतिगरपुर थाने की पुलिस को दी। ग्रामीणों की मानें तो इंंजन चोरी करने के लिए चारपहिया वाहन का इस्तेमाल किया गया है। एक ही रात में तीन किसानों के इंजन चोरी जाने से ग्रामीणों में रोष है। इस संबंध में थानाध्यक्ष मोतिगरपुर ज्ञानचंद शुक्ला ने बताया कि मामले में शिकायत मिली है। जांच पड़ताल के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बोरी और गट्ठर में भरे कपड़े मिले
शुक्रवार रात बेलवारी गांव में जितेंद्र सिंह के बाग के पास से निकले राजकीय नलकूप की नाली के पास बोरी और गट्ठर में बड़ी मात्रा में कपड़े मिले हैं। कपड़ों के बीच मिले एक ब्लेजर पर जौनपुर जिले के एक विद्यालय का लोगो लगा मिला है। इसकी जानकारी ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस को दी है।