सुल्तानपुर। अलग-अलग स्थानों पर चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। घर में दाखिल हुए चोरों ने 12 लाख रुपये कीमत के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
पहली घटना क्षेत्र के पूरे बच्चा मिश्र मजरे गोविंदपुर में हुई। गांव निवासी राम दत्त मिश्रा बृहस्पतिवार रात परिवार के साथ घर में सो रहे थे। देर रात चोर घर में दाखिल हुए और बक्से व अलमारी में रखे करीब पांच लाख रुपये कीमत के जेवरात उठा ले गए। इसके साथ ही घर में रखी एलईडी भी चुरा ले गए। दूसरी घटना गोसाईंगंज क्षेत्र के इनायतपुर निवासी रिटायर्ड फौजी महफूज अहमद के घर में हुई। खिड़की तोड़कर घुसे चोर बक्सा व अटैची खोलकर उसमें रखा सोने व चांदी के करीब सात लाख रुपये कीमत के जेवरात और पांच हजार रुपये नकद उठा ले गए। शुक्रवार को सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया लेकिन चोरों का सुराग नहीं लग सका।