कूरेेभार (सुल्तानपुर)। लखनऊ-गाजीपुर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के अरवलकीरी करवत में बनी हवाई पट्टी पर वायुसेना का युद्धाभ्यास देख ग्रामीण रोमांचित हो उठे। भीषण उमस भरी गर्मी भी उनका उत्साह नहीं कम कर सकी। ग्रामीण एकटक लड़ाकू विमानों पर नजर गड़ाए रहे। साथ ही दूर से ही सही मोबाइल से विमानों की तस्वीरें कैद करते रहे।
हवाई पट्टी पर करीब 11 बजे शुरू होने वाले लड़ाकू विमानों के युद्धाभ्यास से पहले ही ग्रामीण पहुंच चुके थे। हवाई पट्टी के दोनों तरफ खेतों की मेड़ों, छत, खेत-खलिहान में खड़े होकर विमानों का इंतजार करते रहे। विमान जैसे ही हवाईपट्टी पर पहुंचे, ग्रामीण रोमांचित हो उठे। ग्रामीण लड़ाकू विमानों का नजारा लगातार करीब दो घंटे तक देखते रहे। इस दौरान उनकी भूख-प्यास नदारद रही।
अरवलकीरी करवत के ग्राम प्रधान मनोज वर्मा ने बताया कि उनकी ग्राम पंचायत में एयर स्ट्रिप बनाई गई है। इसकी तैयारियां देखने के लिए बराबर आते रहे। लड़ाकू विमानों का नजारा अद्भुत रहा। गौरा निवासी पंकज सिंह ने बताया कि लड़ाकू विमानों को देखने के लिए गांव से पहुंचा था। पास में अगर एयर स्ट्रिप नहीं बनी होती तो लड़ाकू विमानों का नजारा देखने को नहीं मिल पाता।
गोपालपुर के रत्नेश तिवारी ने बताया कि भैया भारत के पास बहुत मजबूत वायुसेना बाटय। यहां आए विमान तो हवा में मार कर सकय में सक्षम बाटेन। मोतिगरपुर निवासी कुलदीप ने कहा कि करीब डेढ़ साल बाद दोबारा लड़ाकू विमानों को देखने का मौका मिला है। नजारा अविस्मरणीय है। सदरपुर निवासी रोहित सिंह ने कहा कि भैया गजब का विमान बाटेन। हम तौ पहली बार सुने तो देखय आए बाटी। एका उड़ावय वाले बहुत मजबूत कलेजा वाले होथेन। आज तक हम लड़ाकू विमान इतना नजदीक से नाय देखे रहे।