सुल्तानपुर। शहर में सफाई के लिए निकली नगरपालिका की टीम ने अमहट-बस स्टेशन फोरलेन पर नाली के पास किए गए अतिक्रमण को ढहा दिया। विरोध पर कार्रवाई की चेतावनी दी। इससे लोग सकते में आ गए। अतिक्रमण हटाने के साथ ही टीम ने कई मोहल्लों में नाले-नालियों की सफाई कराई।
बारिश के मौसम को देखते हुए शासन के आदेश पर नगरपालिका ने शहर में सफाई अभियान शुरू कर दिया है। इसके दूसरे दिन पालिका की टीम की ओर से पयागीपुर चौराहा से दरियापुर तक नाले की सफाई कराई गई। इसके बाद टीम अमहट-बस स्टेशन मार्ग पर सफाई के लिए पहुंची। टीम ने जेसीबी से महुअरिया के पास नाली पर हुआ अतिक्रमण ढहवा दिया।
इस बीच कुछ लोगों ने विरोध की कोशिश की। टीम ने स्थिति भांपते हुए लोगों को कार्रवाई की चेतावनी दी। इस पर लोग शांत हो गए। पालिका ने अतिक्रमणकारियों को 10 दिन पहले नोटिस जारी किया था। नोटिस के बाद भी अतिक्रमण न हटाने पर टीम ने उसे ढहवा दिया। अतिक्रमण हटाने के बाद टीम ने नाले-नालियों की सफाई की।
पालिका की ओर से शहर में जलभराव की प्रमुख समस्या दूर करने का दावा शाम को किया गया। अधिशाषी अधिकारी श्यामेंद्र मोहन ने बताया कि अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल व प्रशासन के निर्देश पर सफाई कराई जा रही है। सफाई के पहले जलभराव से प्रभावित होने वाले मोहल्लों का चयन किया जाता है। सफाई अभियान की देखरेख स्वच्छता मिशन की प्रबंधक साधना सिंह समेत अन्य ने किया।