सुल्तानपुर। समाज कल्याण विभाग आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों की प्रतिभा निखारने में जुटा है। विभाग 207 विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क तैयारियां करा रहा है। इसके लिए शहर के राणा प्रताप पीजी कॉलेज में मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग का संचालन किया जा रहा है।
विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग के लिए विभाग ने 30 विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ अध्यापक रखे हैं। चालू वर्ष में मांगे गए आवेदन व सत्यापन के बाद सिविल के 91, नीट के 50, जेई के 15, एनडीए व सीडीएस के 51 विद्यार्थियों का चयन कोचिंग के लिए किया गया था। इसके बाद राणा प्रताप पीजी कॉलेज में अभ्युदय कोचिंग का संचालन शुरू हुआ है। यहां कुल 207 छात्र कोचिंग ले रहे हैं। अलग-अलग विषयों की करीब डेढ़ घंटे कोचिंग चल रही है।
समाज कल्याण अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि कोचिंग के लिए अलग-अलग कॉलेजों के विषय विशेषज्ञ प्राध्यापकों को रखा गया है। डेढ़ घंटे के लेक्चर के लिए उन्हें दो हजार रुपये रोज की दर से भुगतान किया जाता है।