सुल्तानपुर। सावन के पहले सोमवार को शहर के शिवालयों में हर-हर महादेव... व जय शिव ओमकारा... की गूंज सुनाई दी। भोर से ही श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचने लगे। शहर समेत ग्रामीण अंचलों के शिवालयों के साथ अन्य मंदिरों में भी दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा। विधिविधान से भोले बाबा का अभिषेक किया गया। शिवलिंगों को सजाकर महाआरती की गई।
श्रद्धालुओं ने शिवालयों में रुद्राभिषेक कर भगवान शिव से सुख-समृद्धि की कामना की। विभिन्न मंदिरों में महामृत्युंजय व ओम नम: शिवाय का अखंड पाठ हुआ। महिलाओं ने जहां अखंड सुहाग के लिए भगवान शिव की आराधना की तो वहीं युवतियों ने भी अच्छे वर की कामना के साथ सावन के पहले सोमवार को व्रत रखा और भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना की।
शहर के सीताकुंड स्थित कल्पवृक्ष (पारिजात वृक्ष), शाहगंज चौराहा स्थित शिव मंदिर, विनोबापुरी, दरियापुर, नवीपुर, पंचरास्ता, करौंदिया, निरालानगर, शास्त्रीनगर स्थित मंदिर में सुबह से ही भोलेनाथ के जयकारे लगने लगे। मंदिरों के आसपास पूजन सामग्री की दुकानें भोर में ही सज गई थीं जो देर रात तक लगी रहीं।
उधर, दोस्तपुर बाजार स्थित शिव मंदिर, बभनैया पश्चिम स्थित शिव मंदिर, बभनैया पूरब स्थित पुराना शिवाला, छावनी शिवाला, नई बाजार स्थित शिवाला पर सुबह से महिलाओं व पुरुषों की भीड़ लगी रही। श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया।
अखंडनगर क्षेत्र के श्री भुवनेश्वर नाथ महादेव मंदिर व शिवधाम बेलवाई में बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने जलाभिषेक किया। इसके अलावा चांदा, कूरेभार, कादीपुर, जयसिंहपुर, मोतिगरपुर व भदैंया आदि क्षेत्रों में भी शिवभक्तों का उत्साह देखा गया।