सुल्तानपुर में ट्राईसाकिल वितरित करतीं सांसद मेनका गांधी। -संवाद
सुल्तानपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद मेनका गांधी ने शनिवार को जिले को धम्मौर कस्बे में करीब 81 लाख रुपये से बने उप डाकघर की सौगात क्षेत्रवासियों को दी। इसके साथ ही उन्होंने पीएम मुद्रा योजना के तहत 8.70 करोड़ रुपये की ऋण राशि भी वितरित करते हुए 51 दिव्यांगों को ट्राई साइकिल भी बांटी। इसके बाद उन्होंने एक सड़क का जायजा लेने के बाद जनसंवाद कार्यक्रम व सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में भी हिस्सेदारी की। इसके बाद वह दिल्ली के लिए रवाना हो गई।
धम्मौर कस्बे में 81 लाख रुपए की लागत से बने उप डाकघर का लोकार्पण करते हुए सांसद ने कहा कि अत्याधुनिक डाकघर से क्षेत्र के नागरिकों को आधार कार्ड, स्पीड पोस्ट, बचत खाता संबंधी कई योजनाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा। इससे क्षेत्र के करीब 15 हजार लोगों की परेशानी दूर होगी। कार्यक्रम में उन्होंने सुकन्या समृद्धि योजना के 5 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र का वितरण भी किया।
राम नरेश त्रिपाठी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सांसद ने पीएम मुद्रा लोन योजना के तहत 174 लाभार्थियों को ऋण राशि का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 से अब तक 8.90 लाख लोगों को मुद्रा योजना का लाभ दिया जा चुका है। इससे युवा अपने कारोबार को आगे बढ़ाकर आत्मनिर्भर हो रहे हैं।
उन्होंने 51 दिव्यांगों को ट्राइसाइकिल का वितरण करने के बाद 19.66 करोड़ की लागत से बन रही कुड़वार- इस्लामगंज- धम्मौर टू लेन मार्ग का जायजा लेने के बाद एक जन चौपाल में भी हिस्सेदारी की। कहा कि अब तक वह क्षेत्र के 10 से 15 गांवों को छोड़कर करीब 1100 गांवों में दौरा कर चुकी हैं। पीएम आवास योजना के तहत अब तक जिले में 1.40 लाख गरीबों को आवास का लाभ दिया जा चुका है।
धनपतगंज ब्लॉक के रामनगर गांव पहुंचकर सांसद ने दिव्यांग राम आचार्य दूबे की बेटी की शादी की पूर्व संध्या पर आशीर्वाद भी दिया। इस मौके पर डीएम जसजीत कौर भी मौजूद रहीं। शाम को वह सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित संघ की बैठक में हिस्सेदारी के बाद वापस दिल्ली के लिए रवाना हो गई।