तुलसीपुर (श्रावस्ती)। सोनवा क्षेत्र की ग्राम पंचायत दूबकला निवासी क्रांति देवी (50) की बृहस्पतिवार सुबह संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव के अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने अंतिम संस्कार रुकवाते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।दूबकला निवासी मुरलीधर ने बताया कि उनकी पत्नी क्रांति देवी की तबीयत बीते कई महीनों से खराब थी और इलाज चल रहा था। इस बीच बृहस्पतिवार सुबह क्रांति की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि बीमारी के चलते सामान्य मौत हुई है, इसलिए हम सभी अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। किसी ग्रामीण ने पुलिस को फंदा लगाने से मौत होने की सूचना दे दी। सोनवा थाना प्रभारी बिशुनदेव पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।