फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: दो नगर पंचायतों में शहर की सरकार ने संभाली कमान

विज्ञापन
विज्ञापन
सुल्तानपुर। कादीपुर व दोस्तपुर नगर पंचायतों में शनिवार को शपथ ग्रहण के बाद शहर की नई सरकार ने काम काज की कमान संभाल ली। इस दौरान दोस्तपुर में जहां समाजवादी पार्टी के निर्वाचित चेयरमैन तो कादीपुर में भाजपा के चुने गए चेयरमैन व सभासदों ने जोशीले माहौल में शपथ ग्रहण की। शपथ लेने के बाद दोनों नगर पंचायत अध्यक्षों ने अपने कार्यालय पहुंचकर नया काम काज संभालने की औपचारिकता पूरी की।
विज्ञापन



इस दौरान कादीपुर के कार्यक्रम में जहां सत्तासीन भाजपा के कार्यकर्ताओं का का जमावड़ा रहा तो वही दोस्तपुर में पहली बार सपा को मिली सत्ता पर सपाइयों का उत्साह हिलोरे मारता दिखा। दोनों ही नवनिर्वाचित अध्यक्षों ने काम काज संभालने के बाद अपने चुनावी वायदों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराने के संकल्प को दोहराया।



नौ सभासदों के साथ भाजपा चेयरमैन ने ली शपथ
कादीपुर नगर पंचायत की ट्रिपल इंजन सरकार ने शनिवार को नवनिर्वाचित चेयरमैन आनंद जायसवाल के नेतृत्व में कामकाज संभाला । कस्बे के जूनियर हाईस्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में एसडीएम शिवप्रसाद ने दोपहर करीब सवा 12 बजे नवनिर्वाचित चेयरमैन आनंद जायसवाल व नौ सभासदों को ईश्वर के नाम पर शपथ दिलाई।
विज्ञापन



समारोह शुरू होते ही मौजूद समर्थकों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुशी जताते हुए जय श्रीराम के नारे लगाते हुए जमकर पटाखे दागे। शपथ के बाद उद्योग व्यापार मंडल के आलोक आर्या ने नवनिर्वाचित चेयरमैन को चांदी का मुकुट पहनाया।

समारोह में मौजूद मुख्य अतिथि व एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने भरोसा जताया कि नई सरकार के कार्यकाल में नगर पंचायत से जुड़े सभी विकास कार्य तेजी के साथ पूरे होंगे। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक राजेश गौतम, विधायक सदर राजप्रसाद उपाध्याय विधायक लंभुआ सीताराम वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा व पालिका चेयरमैन प्रवीन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अध्यक्ष ने गिनाई पांच प्राथमिकताएं
बरसात के पहले सभी मोहल्लों में नालों की सफाई। नगर पंचायत में स्वच्छता अभियान। मकानों का नंबर आवंटन कार्य। भवनों के नक्शे का कार्य पूरा करना। गोशाला में गोवंश की व्यवस्था दुुरुस्त करना।


एक सभासद की मौत से पद हो गया रिक्त
नगर पंचायत के वार्ड नंबर चारनिराला नगर से चुनाव में तकदीर आजमाने वाले संतराम की मतगणना के एक दिन पहले मौत हो गई थी। इसकी वजह से एक सभासद का पद रिक्त हो गया।


सपा विधायक की मौजूदगी में ली शपथ
दोस्तपुर नगर पंचायत के बरात घर में शनिवार को आयोजित समारोह में पहली बार सपा से चुनी गईं चेयरमैन शकुंतला सोनकर ने मछली शहर से पार्टी की विधायक रागिनी सोनकर की मौजूदगी में सभासदों के साथ शपथ ग्रहण की। शाम करीब चार बजे जयसिंहपुर के उप जिलाधिकारी संजीव कुमार ने अध्यक्ष व 11 सभासदों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण के बाद मौजूद सपा विधायक रागिनी ने कहा कि जनता ने जिस तरह से भाजपा को नकार कर सपा प्रत्याशी पर भरोसा जताया है, उसे शहर की चुनी गई नई सरकार टूटने नहीं देगी। नगर पंचायत क्षेत्र के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। कार्यक्रम में पूर्व विधायक अरुण वर्मा, पूर्व विधायक भगेलू राम व सपा जिलाध्यक्ष सपा रघुवीर यादव सहित बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


प्राथमिकता पर होंगे यह काम
बारिश के पहले नालों की सफाई। हर वार्ड में सुलभ शौचालय। एक चलता फिरता ट्रांसफार्मर (वाहन ठेला)। शादी व आयोजनों के लिए टैंकर से निशुल्क पानी। वार्डों की सड़कों को दुुरुस्त कराना।


चांदनी की हैट्रिक, चार ने दूसरी बार ली शपथ
कादीपुर/दोस्तपुर। नगर पंचायत के तुलसी नगर वार्ड से शपथ लेकर चांदनी बानो ने जीत की हैट्रिक लगाई है। वह लगातार तीसरी बार निर्वाचित हुई हैं। इसके साथ ही पटेल नगर से रामफेर सोनी व विवेकानंद वार्ड से सूर्यलाल गुप्ता ने दूसरी बार सभासद पद की शपथ ली। राजेंद्रनगर से दूसरी बार जीतकर आई बदामा देवी ने भी शपथ ली। शास्त्री नगर से वार्ड से दो बार अपनी पत्नी को विजय दिलाने वाले बृजेश सिंह ने तीसरी बार स्वयं सभासद चुने जाने के बाद शपथ ली।

दोस्तपुर नगर पंचायत में भी चार सभासदों ने दूसरी बार जीत हासिल कर शपथ ली। इसमें वार्ड नंबर चार से राजबली, वार्ड नंबर सात से कनीजा खातून, वार्ड नंबर नौ से राम बाबू व वार्ड नंबर 10 से मोहम्मद नसीर शामिल हैं।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें