लखनऊ वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगाए जा रहे पौधे। - संवाद
सुल्तानपुर। अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर शहर के पयागीपुर से गोलाघाट व अमहट से डीएम आवास के सामने तक सजाने व संवारने का काम जोरों पर चल रहा है। पयागीपुर में ओवरब्रिज के नीचे गुलाब, चमेली व गेंदा आदि फूलों के पौधों को करीने से लगाया जा रहा है।
प्रतिदिन पौधों की देखभाल की जा रही है। डिवाइडरों के बीच में आकर्षक पौधे लगाकर शहर की खूबसूरती को बढ़ाया जा रहा है। उनकी रंगाई-पुताई कर तथा उनके बीच लगाए गए पौधों की निराई-गोड़ाई कर साफ सुथरा बनाने में लोक निर्माण विभाग जुटा है।
डिवाइडरों के टूट-फूट भी दुरुस्त किए जा रहे हैं। रोजाना 50 मजदूर डिवाइडरों की साफ-सफाई व रंगाई-पुताई कर रहे हैं। पयागीपुर, पांचोपीरन, डीएम आवास के सामने तथा अमहट चौराहे पर रंग रोगन कर शहर को चमकाया जा रहा है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग की सहायक अभियंता चित्रा वर्मा ने बताया कि डिवाइडर की रंगाई-पुताई व उनकी मरम्मत पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। राम वनगमन मार्ग को सुंदर बनाया जा रहा है।