सुल्तानपुर एक्सप्रेस-वे पर शो के दौरान मौजूद सुरक्षाकर्मी। -संवाद
सुल्तानपुर। वायुसेना के अभ्यास के मद्देनजर एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी को पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा घेरे में ले लिया था। चार किमी के दायरे में तीन लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। आवागमन प्रतिबंधित करते हुए कई थानों की पुलिस लगा दी गई थी। नतीजतन भीड़ व अन्य लोग हवाई पट्टी तक नहीं पहुंच सके।
वायुसेना के अभ्यास को देखते हुए हवाई पट्टी पर 11 जून से आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया था। 22 जून से करीब 14 किमी एक्सप्रेसवे पर रूट डायवर्जन कर दिया गया था। 24 जून को अभ्यास के मद्देनजर एयर स्ट्रिप के आसपास करीब चार किमी दायरे को पुलिस ने अपनी सुरक्षा में ले लिया था।
डीएम व एसपी ने पुलिस के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगा दिया था। शनिवार सुबह से वायुसेना का अभ्यास समाप्त होने तक हवाई पट्टी का करीब चार किमी क्षेत्र कड़ी सुरक्षा में रहा। सुबह से हवाई पट्टी के नजदीक से गुजरने वाले लोगों को मार्ग बदल कर जाना पड़ा।
कार्यक्रम के लिए पासधारकों को भी कड़ी पूछताछ के बाद ही प्रवेश मिल सका। तीनों लेयर की सुरक्षा पर पुलिस व प्रशासन के अधिकारी नजर रखे रहे। अपर पुलिस अधीक्षक विपुल कुमार श्रीवास्तव, सीओ जयसिंहपुर प्रशांत सिंह, सीओ कादीपुर शिवम मिश्र समेत अन्य अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।