सुल्तानपुर। शहर स्थित कस्तूरबा विद्यालय में पिछले दिनों हुई अग्निकांड की घटना को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। जिला प्रशासन ने सभी 12 केजीबीवी में आग से बचाव के इंतजाम की जांच का निर्देश दिया है। इसके लिए अधिकारियों की तीन सदस्यीय टीम गठन की गई है।
पिछले सप्ताह शहर में डायट के पास स्थित दूबेपुर के कस्तूरबा विद्यालय में दोपहर बाद बिजली की शाॅर्ट-सर्किट से आग लग गई थी। बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया था। हादसे में आवासीय परिसर स्थित छात्राओं के कपड़ा व काॅपी-किताब समेत अन्य सामान जल गए थे। घटना के समय विद्यालय में आग से बचाव का कोई इंतजाम नहीं पाया गया था।
निरीक्षण करने मौके पर पहुंचीं डीएम जसजीत कौर ने हादसे को गंभीरता से लिया था। डीएम ने शहर के केजीबीवी की प्राथमिक रिपोर्ट मिलने के बाद जिले के अन्य ब्लॉकों में स्थित 11 अन्य विद्यालयों की जांच का निर्देश दिया है।
इसके लिए जिलाधिकारी ने संबंधित तहसीलों के एसडीएम के नेतृत्व में तीन सदस्यीय अधिकारियों की टीम गठित कर दी है। इसमें एसडीएम के अलावा, बीएसए व मुख्य अग्निशमन अधिकारी को रखा गया है।
टीम को सभी कस्तूरबा विद्यालयों में आग से बचाव के किए गए इंतजाम की जांच करते हुए रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी। विद्यालयों में आग से बचाव का संयंत्र नहीं पाए जाने पर लगवाया जाएगा।