सुल्तानपुर। मंडलीय हॉकी प्रतियोगिता के अंडर 17 आयु वर्ग में सुल्तानपुर के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। जिले के खिलाड़ियों ने उम्दा खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस प्रतियोगिता में सुल्तानपुर और बाराबंकी की टीम अयोध्या मंडल की तरफ से शामिल हुई।
बृहस्पतिवार को रामरती इंटर कॉलेज मैदान में मंडल स्तरीय सब जूनियर अंडर 15 और जूनियर अंडर 17 नेहरू हॉकी बालक-बालिका प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। बालक सब जूनियर अंडर 17 वर्ग में बाराबंकी ने सुल्तानपुर का प्रतिनिधित्व कर रही एमएसवी को 3-1 से हराया, माज अहमद ने बाराबंकी की तरफ से दो गोल किए।
जूनियर अंडर 17 बालक वर्ग में बाराबंकी की टीम को 1-0 से हराकर सुल्तानपुर का प्रतिनिधित्व कर रही एमजीएस ने जीत हासिल की। एमजीएस की तरफ से नवाज़ ने एक गोल कर सुल्तानपुर को विजय दिलाई। बालिका जूनियर संवर्ग में सुल्तानपुर की रामरती इंटर कॉलेज की ही टीम उपस्थित रही, इसलिए आयोजक मंडल ने सुल्तानपुर को वॉकओवर देते हुए विजेता घोषित किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रधानाचार्य डॉ. रामजीत, प्रबंधक भूपेंद्र वर्मा व खोखो संघ की श्वेता सिंह ने किया। समापन के अवसर पर क्रीड़ा सचिव दिलीप सिंह, जिला व्यायाम शिक्षक राहुल तिवारी मौजूद रहे। निर्णायक की भूमिका इरशाद, सौरभ व राधिका कुमारी ने निभाई। संचालन सुरेश यादव व मुनेंद्र मिश्र ने किया। इस मौके पर अनिल सिंह, हीरालाल यादव, ब्रज भूषण यादव, आनंद मौर्य व संतसरन सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।